रात के अंधेरे में बालू ढुलाई पर पुलिस की पैनी नजर, तिरुलडीह में चला सघन चेकिंग अभियान – नहीं मिले अवैध बालू लदे वाहन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रात के अंधेरे में बालू ढुलाई पर पुलिस की पैनी नजर, तिरुलडीह में चला सघन चेकिंग अभियान – नहीं मिले अवैध बालू लदे वाहन

तिरुलडीह, 06 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले में बालू के अवैध खनन और गैर-कानूनी परिवहन पर शिकंजा कसने की कवायद तेज हो गई है। बालू के अवैध कारोबार को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच सोमवार देर रात तिरुलडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने अचानक सघन वाहन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई से रात के अंधेरे में बालू परिवहन करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

तिरुलडीह थाना प्रभारी विपुल ओझा के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न चौराहों और प्रमुख मार्गों पर बालू लदे हाइवा व ट्रकों को रोककर जांच की गई। पुलिस टीम ने वाहनों के माइनिंग चालान, परिवहन परमिट समेत अन्य आवश्यक कागजातों की बारीकी से पड़ताल की। जांच के दौरान वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले वाहनों को आवश्यक सत्यापन के बाद आगे जाने दिया गया।

बताया जा रहा है कि तिरुलडीह क्षेत्र में रात के समय बालू परिवहन को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में पुलिस की यह औचक कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खासकर बिना वैध दस्तावेज बालू परिवहन करने वाले वाहनों पर निगरानी बढ़ने से अवैध कारोबार पर असर पड़ने की उम्मीद है।

पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रशासन अब बालू के परिवहन को लेकर केवल दिन में ही नहीं, बल्कि देर रात भी निगरानी बढ़ा रहा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे औचक जांच अभियान जारी रहने की संभावना है।

Share This Article