घर-घर तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ, विधायक पूर्णिमा साहू ने लिया जायजा
जमशेदपुर, 06 अक्टूबर: बिरसानगर जोन नंबर 1बी में मंगलवार को विधायक पूर्णिमा साहू ने क्षेत्र का दौरा कर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर यह जानकारी ली कि सरकारी योजनाओं का लाभ कितने लोगों तक पहुंचा है और कितने पात्र लोग अब भी योजनाओं से वंचित हैं।
विधायक ने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और योजनाओं से संबंधित उनकी जानकारी भी ली। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय प्रतिनिधियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रियता से काम किया जाए।
मौके पर बिरसानगर मंडल के महामंत्री जेपी सिंह उर्फ भोला ने कहा कि विधायक पूर्णिमा साहू जनहित से जुड़े कार्यों को लेकर लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि विधायक का प्रयास है कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधा से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने और लोगों से सीधे संवाद करने से समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में पहल करने में मदद मिलती है।
दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।



