आपूर्ति विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में अयोग्य राशन कार्डधारकों का नाम हटाने का निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

आपूर्ति विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में अयोग्य राशन कार्डधारकों का नाम हटाने का निर्देश

जमशेदपुर, 27 जुलाई : समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, पीवीटीजी परिवारों के लिए संचालित डाकिया योजना, लंबित राशन कार्ड आवेदनों, डोर स्टेप डिलीवरी प्रणाली, नमक वितरण योजना, मुख्यमंत्री चना-दाल वितरण योजना सहित विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान एनएफएसए के अंतर्गत राशन वितरण में धीमी प्रगति वाले प्रखंड बोड़ाम (56.12 प्रतिशत), पटमदा (50.09 प्रतिशत) एवं डुमरिया (69.20 प्रतिशत) पर असंतोष व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने अगले पांच दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों तक खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र लाभुक को समय पर खाद्यान्न प्राप्त करने में कठिनाई नहीं होनी चाहिए तथा जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी जन वितरण प्रणाली की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने अयोग्य राशनकार्डधारियों के नाम सूची से हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पात्र लाभुकों को चावल के साथ-साथ नमक, चना-दाल, धोती-साड़ी सहित अन्य निर्धारित सामग्रियों का वितरण सुनिश्चित कर लंबित बैकलॉग को शीघ्र समाप्त करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीजीएमएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों एवं ईआरसीएमएस के अंतर्गत जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रकरणों का निष्पादन इसी सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सभी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों का नियमित एवं औचक निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्यान्न भंडारण एवं आपूर्ति श्रृंखला की समीक्षा करते हुए प्रत्येक माह सभी गोदामों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने, समय पर खाद्यान्न उठाव एवं वितरण तथा परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। साथ ही भवन निर्माण विभाग को लंबित गोदाम मरम्मतीकरण कार्य इस माह के अंत तक पूर्ण करने का निर्देश दिया।

बैठक में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल, आनंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फीकार अंसारी, भवन निर्माण विभाग के अभियंता, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, विपणन पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article