चाईबासा : सुरक्षाबलों का नक्सलियों से मुठभेड़, 10 लाख का ईनामी नक्सली ढेर
चाईबासा, 07 सितंबर : पश्चिम सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दस लाख का ईनामी हार्डकोर नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन ढेर हो गया है। मुठभेड़ के बाद घटना स्थल से सुरक्षाबल के जवानों ने एसएलआर राइफल बरामद किया गया है। मुठभेड़ उस समय हुई जब सुरक्षाबल क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों के विरूद्ध ऑपरेशन चला रहे थे। मुठभेड़ के बाद नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का सर्च अभियान जारी है। इसकी सूचना मिलने के बाद जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गोईलकेरा थाना क्षेत्र के रेलापराल के पास जंगल क्षेत्र में रविवार की सुबह नक्सलियों के खिलाफ कोबरा जवान सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, तभी नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों के जवानों ने भी फायरिंग शुरू की। इस दौरान जवानों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग के बाद कोबरा जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबल के जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे है ताकि अन्य छिपे नक्सलियों की तलाश की जा सके।