चांडिल : चैनपुर उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप, प्रबंधन समिति ने की कार्रवाई की मांग
चांडिल, 07 सितम्बर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, चैनपुर के प्रधानाध्यापक प्रकाश मंडल पर विद्यालय प्रबंधन समिति ने गंभीर आरोप लगाया है। समिति ने इस बाबत प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, चांडिल को लिखित शिकायत सौंपी है।
शिकायत में कहा गया है कि 6 सितम्बर को विद्यालय में पहली से पाँचवीं कक्षा तक पढ़ाई बंद रखी गई। इतना ही नहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर विद्यार्थियों से 60-60 रुपये वसूले गए।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अजय प्रमाणिक ने बताया कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध शिकायतें मिल चुकी हैं। आरोप है कि बच्चों को नियमित रूप से पोषक आहार उपलब्ध नहीं कराया जाता।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षक दिवस 5 सितम्बर को मनाया जाना चाहिए था, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने 6 सितम्बर को कक्षाओं को बंद रखकर आयोजन किया, जो नियमों के विपरीत है।
विद्यालय प्रबंधन समिति ने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।