बिजली दर में बढ़ोतरी पर भड़का जनाक्रोश, भाजपा ने जीएम कार्यालय का किया घेराव

Manbhum Updates
2 Min Read

जमशेदपुर, 17 अप्रैल : राज्य में बिजली दरों में हालिया बढ़ोतरी और अनियमित बिजली आपूर्ति के खिलाफ जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा किए गए बिजली दरों में हालिया बढ़ोतरी और अनियमित बिजली आपूर्ति से आम उपभोक्ताओं से लेकर व्यापारी और उद्योग जगत तक खासा नाराज है। इसी नाराजगी के बीच विभिन्न इलाकों में लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बिजली दर बढ़ोतरी को लेकर राज्य का सियासी माहौल गरमा गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर आंदोलन के और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भी राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने शुक्रवार को बिजली विभाग के जीएम कार्यालय का घेराव कर विरोध दर्ज कराया और चेतावनी दी कि अगर जल्द ही बढ़ी हुई दरें वापस नहीं ली गईं, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों में बिजली बिल का बढ़ा बोझ उठाना उनके लिए मुश्किल हो गया है। वहीं, लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर के नाम पर विभाग उपभोक्ताओं से अतिरिक्त वसूली को भी बढ़ावा दे रही है।

भाजपा का कहना है कि सरकार के इस फैसले के खिलाफ पूरे राज्य में जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि बढ़ी हुई दरों का सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ रहा है, वहीं किसानों के लिए भी सिंचाई और कृषि कार्य महंगे हो गए हैं। भाजपा ने राज्य सरकार से बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लेने, 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने और मरम्मत के नाम पर होने वाली बार-बार बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की है।

Share This Article