पुरुलिया, 17 अप्रैल : पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव लड़ रही सभी राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए ऐड़ी-चोटी एक कर रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी की ओर से पुरुलिया जिले के जयपुर विधानसभा क्षेत्र में 20 अप्रैल को एक जनसभा का आयोजन किया जा रहा है।
बामनिया डाक बंगला मैदान में आयोजित होने वाले जनसभा में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के फायार ब्रांड नेता उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे। भाजपा के लिए यह जनसभा काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि पार्टी इसे चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने के लिए एक बड़े अवसर के रूप में देख रही है।
जनसभा को योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे, इसको लेकर भाजपा समर्थकों में खास उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं और स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। भाजपा नेताओं को उम्मीद है कि इस जनसभा के माध्यम से पार्टी को जयपुर विधानसभा क्षेत्र में मजबूती मिलेगी और यह सभा चुनावी समीकरण को भाजपा के पक्ष में मोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।