जेल भवन निर्माण को लेकर चांडिल बार एसोसिएशन ने एसडीओ को सौंपा आवेदन

चांडिल, 19 दिसंबर : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जेल भवन निर्माण की मांग को लेकर चांडिल अनुमंडल बार एसोसिएशन ने अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है। आवेदन के माध्यम से बार एसोसिएशन ने जेल भवन निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया है।
बार एसोसिएशन ने अपने आवेदन में बताया कि चांडिल अनुमंडल का गठन 31 अगस्त 2003 को हुआ था और 23 जुलाई 2022 से सिविल न्यायालय भी कार्यरत है। इसके बावजूद अब तक अनुमंडल में जेल की व्यवस्था नहीं होने के कारण न्यायालय द्वारा हिरासत में लिए गए बंदियों को सरायकेला जेल भेजना पड़ता है, जिससे प्रशासन, अधिवक्ताओं और आम लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सिविल न्यायालय रोड के उत्तर दिशा में स्थित स्वर्णरेखा बहुद्देशीय परियोजना, चांडिल का बड़ा भू-खंड जेल भवन निर्माण के लिए उपयुक्त है। यदि उक्त स्थान पर जेल भवन का निर्माण कराया जाता है, तो इससे न्यायिक प्रक्रिया अधिक सुचारु होगी और क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
बार एसोसिएशन ने एसडीओ से जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त भूमि को जेल भवन निर्माण के लिए आवंटित करने तथा आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय अधिवक्ताओं में भी सकारात्मक माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशासन शीघ्र इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा।
आवेदन सौंपने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष बद्री प्रसाद साहू, सचिव महेंद्र कुमार महतो के अलावा उन अधिवक्ता शामिल थे।



