सरायकेला/कुचाई, 15 अप्रैल : जिले के कुचाई प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र के लिए छात्राओं के नामांकन को लेकर प्रखंड स्तरीय चयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु चरण देवगम ने की।
बैठक में कक्षा 6, 7 एवं 9 में नामांकन हेतु छात्राओं के चयन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्धारित दिशा-निर्देशों और पात्रता मानकों के अनुरूप चयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने इस बात पर सहमति जताई कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए, ताकि योग्य एवं पात्र छात्राओं को इसका लाभ मिल सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि चयन कार्य में सरकार द्वारा निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में चयन समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे।