नीमडीह, 15 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड कार्यालय के सभागार में बुधवार को जनगणना कार्य के तहत हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्माण एवं हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशिक्षण-सह-समीक्षा बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-चार्ज पदाधिकारी (जनगणना) ने की।
बैठक में जनगणना कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सटीक हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्माण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया। अधिकारियों ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र की भौगोलिक सीमाओं, मानचित्र एवं क्षेत्रीय विभाजन की स्पष्ट जानकारी रखें, ताकि कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान डिजिटल तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से हाउस लिस्टिंग कार्य संपादित करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई, जिससे कार्य पारदर्शी, समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सके।
अध्यक्षता कर रहे पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि हाउस नंबरिंग एवं आंकड़ा प्रविष्टि के दौरान किसी भी प्रकार की ओवरलैपिंग या क्षेत्र छूटने की स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को पूर्ण सतर्कता और जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा शत-प्रतिशत सटीक और विश्वसनीय आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में संबंधित सुपरवाइजरों सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।