अवैध बालू माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा, तीन दिनों में दर्जनों वाहनों पर कार्रवाई

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अवैध बालू माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा, तीन दिनों में दर्जनों वाहनों पर कार्रवाई

जमशेदपुर, 31 मई : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। धालभूम अनुमंडल प्रशासन और खनन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बागुनहातु घाट से बालू लदे तीन अवैध 407 वाहनों को जब्त किया गया है।
प्रशासन की ओर से पिछले तीन दिनों से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अवैध बालू कारोबार से जुड़े कई वाहनों को पकड़कर जब्त किया गया है। बहरागोड़ा के बड़सोल क्षेत्र में हाल ही में छह ट्रकों और एक ट्रैक्टर पर कार्रवाई की गई, जबकि इससे पहले बहरागोड़ा मुख्य क्षेत्र में तीन ट्रिप ट्रेलर और एक ट्रैक्टर को अवैध बालू परिवहन के आरोप में जब्त किया गया था।
लगातार हो रही कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, अवैध खनन न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पर्यावरण और नदी तंत्र पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसी कारण प्रशासन इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चला रहा है।
प्रशासन की लगातार कार्रवाई से यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया है कि जिले में अवैध बालू कारोबार को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article