19 नवंबर को निकलेगी विशाल निशान यात्रा, 20 नवंबर को सजेगी भजन संध्या
चांडिल, 12 अक्टूबर : श्री श्याम कला भवन चांडिल के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 30वें श्री श्याम जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में नवरात्र के अवसर पर श्याम मंदिर चांडिल में महोत्सव के अनुदान कूपन का विधिवत पूजन एवं उद्घाटन किया गया।
मंदिर के पुजारी सुभाष शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ अनुदान कूपन का पूजन कराया। इसके बाद श्याम भक्तों ने बाबा श्याम के भजन-कीर्तन किए। भक्ति गीतों से मंदिर परिसर सहित आसपास का माहौल भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर श्री श्याम कला भवन के अध्यक्ष संजय चौधरी ने बताया कि आगामी 20 नवंबर को बाबा श्री श्याम का 30वां महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। महोत्सव के तहत 19 नवंबर को बाबा श्याम की विशाल निशान यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 20 नवंबर को भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। भजन संध्या में कई प्रसिद्ध भजन गायकों को आमंत्रित किया गया है।
अनुदान कूपन पूजन कार्यक्रम में दुर्गा चौधरी, राजीव साव, पवन शर्मा, जोनी बगड़िया, मनोज राय, नीलकमल जालान, श्रवण जालान, अश्विनी शर्मा, पवन जालान, मोंटी चौधरी, रोहित चौधरी, रवि सुलतानिया सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी उपस्थित थे।



