चांडिल होटल गोलीकांड : घटनास्थल पहुंचे एसपी, कहा – जांच के बाद स्पष्ट होगा घटना के पीछे का कारण

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

चांडिल होटल गोलीकांड : घटनास्थल पहुंचे एसपी, कहा – जांच के बाद स्पष्ट होगा घटना के पीछे का कारण

चांडिल, 24 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर आसनबनी स्थित होटल 10th Mile Stone में सोमवार दोपहर हुई गोलीबारी की घटना में गंभीर रूप से घायल जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई हत्या की इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, कदमा के विजय हेरिटेज निवासी कारोबारी निखार सबलोक होटल में बैठकर चाय पी रहे थे। चाय पीने के बाद जैसे ही वह होटल से बाहर निकलने लगे, तभी पीछे से आए एक अपराधी ने उन पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कुछ लोग उनके पीछे-पीछे होटल से बाहर निकले थे, जिनमें से एक ने फायरिंग की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर ने करीब आठ राउंड गोलियां चलाईं। गोलीबारी में निखार सबलोक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उन्हें करीब छह गोलियां लगीं, जबकि दो गोलियां मिसफायर हो गईं। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, जांच तेज

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जांच में जमशेदपुर पुलिस की टीम भी शामिल हो गई है। घटनास्थल पर एसपी मनोज स्वर्गियारी के अलावा चांडिल एसडीपीओ सहित कई थाना प्रभारी एवं पुलिस के पदाधिकारी मौजूद हैं।

घटना की सूचना मिलते ही चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने घटनास्थल से कुल आठ खोखा बरामद किया है। एसपी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर पुलिस आगे बढ़ रही है।

गहन जांच के बाद स्पष्ट होगा पूरा मामला : एसपी

घटना के बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी ने स्पष्ट कहा कि जांच चल रही हैं और जांच के बाद ही सारा मामला स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल वह कुछ भी बताने में असमर्थ हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अपराधियों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर काम किया जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मृतक के साथ होटल में कौन-कौन लोग मौजूद थे और घटना से पहले उनकी किन लोगों से मुलाकात हुई थी।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। दिनदहाड़े होटल में हुई इस हत्या के बाद चांडिल और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

Share This Article