चांडिल : होटल 10th Mile Stone गोलीकांड की जांच करने घटनास्थल पर पहुंचे एसपी मनोज स्वर्गियारी
चांडिल, 24 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर आसनबनी स्थित होटल 10th Mile Stone में सोमवार दोपहर हुई गोलीबारी की घटना में गंभीर रूप से घायल जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई हत्या की इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, कदमा के विजय हेरिटेज निवासी कारोबारी निखार सबलोक होटल में बैठकर चाय पी रहे थे। चाय पीने के बाद जैसे ही वह होटल से बाहर निकलने लगे, तभी पीछे से आए एक अपराधी ने उन पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि चार लोग उनके पीछे-पीछे होटल से बाहर निकले थे, जिनमें से एक ने फायरिंग की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर ने करीब नौ राउंड गोलियां चलाईं। गोलीबारी में निखार सबलोक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उन्हें करीब सात गोलियां लगीं, जबकि दो गोलियां मिसफायर हो गईं। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एसपी ने संभाली जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है। जांच में जमशेदपुर पुलिस की टीम भी शामिल हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। मौके से खोखे और गोलियां बरामद किए जाने की बात सामने आई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मृतक के साथ होटल में कौन-कौन लोग मौजूद थे और घटना से पहले उनकी किन लोगों से मुलाकात हुई थी।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। दिनदहाड़े होटल में हुई इस हत्या के बाद चांडिल और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।



