गांगुडीह पुनर्वास में धूमधाम से मनाई गई बाबा तिलका मांझी जयंती

▪️सामाजिक अगुआओं ने दी श्रद्धांजलि, सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां
चांडिल, 11 फरवरी : चांडिल प्रखंड के गांगुडीह पुनर्वास क्षेत्र में वीर शहीद बाबा तिलका मांझी की जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। संथाली गायक एभेन कोयेल एवं कल्पना हांसदा के ऑर्केस्ट्रा की आकर्षक प्रस्तुति से पूरा वातावरण झूम उठा।
समारोह में सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। श्यामल मार्डी, झामुमो जिला सचिव बैधनाथ टुडू, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गोप, सुदामा हेम्ब्रम, कलेबर हेम्ब्रम, प्रकाश मार्डी, डोमन बास्के सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने बाबा तिलका मांझी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में बाबा तिलका मांझी के वीरतापूर्ण संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। समाज में एकता, शिक्षा और जागरूकता को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। जयंती समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी रही, जिससे पूरा कार्यक्रम सफल और यादगार बन गया।



