चांडिल बालूघाट समूह A के लिए ग्राम सभा आयोजित, ग्राम सभाओं की सहमति से उत्खनन प्रस्ताव स्वीकृत

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल बालूघाट समूह A के लिए ग्राम सभा आयोजित, ग्राम सभाओं की सहमति से उत्खनन प्रस्ताव स्वीकृत

सरायकेला, 27 मई : चांडिल बालूघाट समूह A के संबंध में 27 मई को ईचागढ़ अंचल अंतर्गत सोड़ो-जारगोडीह, पुरानडीह, सोड़ो-बीरडीह एवं बामुनडीह के लिए बुधवार को सोड़ो पंचायत भवन परिसर में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) झारखंड नियमावली, 2025 के उपबंध 30 के आलोक में तथा उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार ग्राम सभा का आयोजन जिला खनन पदाधिकारी की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसमें संबंधित ग्रामों के ग्राम प्रधान, मुखिया एवं ग्राम सभा के सदस्य उपस्थित थे।

ग्राम सभा को संबोधित करते हुए जिला खनन पदाधिकारी द्वारा पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) झारखंड नियमावली, 2025 के उपबंध-30 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा संबंधित ग्राम सभाओं से विषय पर विचारोपरांत अपना मंतव्य प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया। विचार-विमर्श के उपरांत संबंधित ग्रामों के ग्राम प्रधानों एवं ग्राम सभा सदस्यों द्वारा डाकवक्ता Goquest Solutions के समक्ष विभिन्न बिंदुओं पर प्रस्ताव रखा गया।

प्रस्तावित शर्तों में बालू खनिज के उत्खनन कार्य में भारी मशीनरी के उपयोग से परहेज करते हुए स्थानीय ग्रामीणों को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराना, ग्राम के ग्रामीणों के ट्रैक्टरों के माध्यम से घाट से स्टॉकयार्ड तक बालू खनिज का परिवहन सुनिश्चित करना तथा ग्राम के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक आयोजनों में सहभागिता सुनिश्चित करना शामिल था। डाकवक्ता Goquest Solutions द्वारा ग्राम सभा के समक्ष रखी गई उक्त शर्तों पर अपनी सहमति प्रदान की गई। इसके बाद संबंधित ग्राम प्रधानों की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभाओं द्वारा संबंधित बालू घाटों में बालू खनिज उत्खनन से संबंधित प्रस्ताव पर अपनी सहमति प्रदान की गई।

Share This Article