जुगीलोंग सड़क हादसे में मृत तीन युवकों के परिजनों से मिलीं विधायक सविता महतो, आर्थिक मदद और राशन देकर बंधाया ढांढस
नीमडीह, 12 अक्टूबर : पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मालती के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में नीमडीह प्रखंड के जुगीलोंग गांव के तीन युवकों की मौत के बाद ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
इस दौरान विधायक ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहयोग देने के साथ सूखा राशन भी प्रदान किया। उन्होंने तीनों युवकों की असमय मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना से परिवारों को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।
विधायक सविता महतो ने झारखंड सरकार की ओर से मिलने वाले सरकारी मुआवजे को जल्द दिलाने तथा मृतकों के श्राद्धकर्म में सहयोग करने का भी आश्वासन दिया।
इस मौके पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, टिंकू राम महतो, मंगल मांझी, मनोरंजन सिंह, अनिल सिंह सहित मृतकों के परिजन और ग्रामीण उपस्थित थे।



