
बुनियादी प्रशिक्षण के लिए योग्य महिला-पुरुष अभ्यर्थियों को निर्देश जारी, सभी का बैंक खाता खोलने की होगी कार्रवाई
सरायकेला, 04 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले में गृह रक्षक नव नामांकन प्रक्रिया के तहत बुनियादी प्रशिक्षण के लिए योग्य पाए गए अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना जारी की गई है। विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद योग्य घोषित महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों को अब अपने आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
जिला समादेष्टा, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सभी संबंधित अभ्यर्थियों को 5 नवंबर से 7 नवंबर 2026 तक जिला समादेष्टा कार्यालय में निर्धारित दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया है।
अभ्यर्थियों को वोटर आईडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ऑनलाइन आवेदन की पावती और आवेदन के समय का पासपोर्ट साइज तीन फोटो जमा करना अनिवार्य होगा।
विभाग की ओर से सभी नवनामांकित महिला एवं पुरुष गृह रक्षकों का बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया भी पूरी की जानी है। इसके लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि के भीतर कार्यालय अवधि में स्वयं उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज जमा करने को कहा गया है।
प्रशासन ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा का पालन करने और दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया समय पर पूरी करने की अपील की है।


