
डीएमएफटी मद से उपायुक्त की पहल, केजीबीवी सुंदरनगर में मशीन का किया उद्घाटन – छात्राओं के साथ बैठकर किया भोजन
जमशेदपुर, 04 नवंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले के आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए भोजन व्यवस्था में बदलाव की पहल की गई है। अब इन विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से रोटी उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके लिए जिला प्रशासन ने जिले के 15 आवासीय विद्यालयों को रोटी मेकिंग मशीन उपलब्ध कराई है। उपायुक्त राजीव रंजन की पहल पर डीएमएफटी मद से यह व्यवस्था की गई है।
दरअसल, उपायुक्त ने विभिन्न आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान पाया था कि बड़ी संख्या में बच्चों के लिए हाथों से रोटियां तैयार करना रसोइयों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। इसके कारण बच्चों को सामान्य दिनों में नियमित रूप से रोटी नहीं मिल पाती थी। विशेष अवसरों या बच्चों के बीमार होने पर ही रोटी बनाई जाती थी।
इस समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने रोटी मेकिंग मशीन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया, ताकि कम समय में बड़ी संख्या में रोटियां तैयार की जा सकें और बच्चों को भोजन में विविधता मिल सके।
इसी क्रम में उपायुक्त राजीव रंजन ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), सुंदरनगर में रोटी मेकिंग मशीन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने उप विकास आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों तथा विद्यालय की छात्राओं के साथ बैठकर भोजन भी किया।
उपायुक्त ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य आवासीय विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ पौष्टिक एवं विविधतापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है।



