
जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO-BLA-2 की पांचवीं बैठक और चुनाव पाठशाला आयोजित, डीसी ने मतदान केंद्र संख्या 258 का किया निरीक्षण
सरायकेला, 04 नवंबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रक्रिया के तहत बुधवार को सरायकेला-खरसावां जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO एवं BLA-2 की पांचवीं बैठक और पांचवीं चुनाव पाठशाला आयोजित की गई। इस दौरान नोटिस एवं सुनवाई-सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं की सूची प्रकाशित कर उपस्थित बीएलए-2 और आम नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। साथ ही लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।
इस क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 258 पर आयोजित बैठक एवं चुनाव पाठशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
प्रकाशित सूची में संबंधित मतदाताओं के नाम, EPIC संख्या, मतदाता सूची की क्रम संख्या, आयु, लिंग, संबंध का प्रकार तथा सुनवाई-सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारणों का विवरण शामिल किया गया। उपायुक्त ने संबंधित BLO से सूची में दर्ज मतदाताओं की संख्या और लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाना है। कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं होना चाहिए।
उपायुक्त ने BLO एवं BLA-2 को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 भरवाने पर भी विशेष जोर दिया।
जिले के अन्य मतदान केंद्रों पर भी ERO एवं AERO ने बैठक और चुनाव पाठशाला का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान AERO सह अंचल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव सहित संबंधित BLO सुपरवाइजर, BLO, BLA-2 एवं अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे।



