
सरायकेला के NR +2 उच्च विद्यालय में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, दो महीने तक स्कूल-कॉलेजों में चलेगा विशेष अभियान
सरायकेला, 04 नवंबर : युवाओं को तंबाकू और नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बुधवार को सरायकेला स्थित NR +2 उच्च विद्यालय में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी देने के साथ नशामुक्त जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।
सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच जागरूकता हैंडबिल वितरित किए गए। इसके बाद विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर आम लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने तंबाकू सेवन से होने वाले मुंह के कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति सचेत किया। विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। इस दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA), 2003 के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
26 दिसंबर तक चलेगा अभियान
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जिले में 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्कूलों और कॉलेजों में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, COTPA कानून के अनुपालन को लेकर पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम सभी प्रखंडों में नियमित छापेमारी भी करेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले के सभी प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तंबाकू नशामुक्ति केंद्र संचालित हैं, जहां तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को परामर्श और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।



