उपायुक्त की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न

सरायकेला, 08 दिसंबर : सरायकेला-खरसावां जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्यान्न आपूर्ति, दाल-भात योजना, डाकिया योजना, धान अधिप्राप्ति एवं भुगतान, चावल दिवस, सोना सोबरन धोती–साड़ी योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, ई-केवाईसी, डीलर टैगिंग–रीटैगिंग तथा NFSA अंतर्गत वितरण से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि विभागीय योजनाओं का उद्देश्य पात्र लाभुकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिया कि वितरण प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के डीलरों से संबंधित शिकायतों की त्वरित जांच तथा दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने, शत-प्रतिशत कार्डधारियों का केवाईसी पूर्ण कराने तथा नेटवर्क बाधित क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर बाकी कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। जिन लाभुकों द्वारा सहयोग नहीं किया जा रहा है, उनके मामलों की स्थलीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।
उपायुक्त ने निलंबित डीलरों से संबंधित जांच प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने, गोदामों में मानक अनुरूप भंडारण सुनिश्चित करने तथा दिसंबर माह की वितरण प्रगति पर प्रतिदिन निगरानी रखने के निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिए। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।



