भाजपा का समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ, संत रविदास जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने का आह्वान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह, 30 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत आदारडीह स्थित हनुमान मंदिर परिसर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, सरायकेला-खरसावां जिला इकाई की ओर से आगामी संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसके बाद भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला मंत्री सह समरसता संकल्प अभियान के जिला सह-संयोजक पप्पू वर्मा शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस वर्ष संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि संत रविदास का संदेश सामाजिक समरसता, समानता और मानवता पर आधारित है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आमजनों से भी अपील की कि वे संत गुरु रविदास जयंती को उत्सव के रूप में मनाकर सामाजिक समरसता के इस अभियान को सफल बनाएं।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष जयंत रजक, मंडल महामंत्री भरत गोप, मिहिर महतो, भक्तु कुम्हार, हराधन कुम्हार, शिबू रजक, चंद्र कुम्हार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share This Article