आदित्यपुर में टैंकर और कार की टक्कर, आधे घंटे तक बाधित रहा यातायात
आदित्यपुर, 30 जुलाई : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के फुटबॉल मैदान के समीप गुरुवार को एक टैंकर और कार की टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टैंकर (संख्या JH05EK9955) आदित्यपुर से जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार (संख्या JH05EB2715) ने टैंकर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के दाहिने हिस्से का निचला भाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, इस दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर सामान्य गति से अपनी लेन में चल रहा था, जबकि पीछे से आ रही कार ने लापरवाही से टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने कार चालक को दुर्घटना के लिए जिम्मेदार बताते हुए उसे समझा-बुझाकर वाहन सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों वाहनों को थाना ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।