ईचागढ़ : सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान

ईचागढ़, 21 जनवरी : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” थीम के अनुरूप सरायकेला–खरसावां जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
इस क्रम में ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत विक्रमादित्य +2 उच्च विद्यालय, लेपाटांड में विद्यालय स्तरीय सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम सह चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र–छात्राओं ने रचनात्मक माध्यम से सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत किए।
वहीं, गौरांगकोचा में यातायात नियमों के उल्लंघनकर्ताओं को समझाइश देते हुए हेलमेट का वितरण किया गया तथा सुरक्षित वाहन परिचालन के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त चौका क्षेत्र में जागरूकता रथ के माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों का प्रचार–प्रसार किया गया, जबकि ग्रामीण इलाकों में पंपलेट वितरण कर हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में जिला परिवहन पदाधिकारी, ईचागढ़ की प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर आमजन से अपील की गई कि सड़क सुरक्षा को अपनी आदत बनाएं, क्योंकि यातायात नियमों का पालन कर ही बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा संभव है।
जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।



