हिमांशु हत्याकांड – परिजनों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू व पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, सरकार पर साधा निशाना
आदित्यपुर, 04 जुलाई : आदित्यपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ अपना हमला तेज कर दिया है। शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी मृतक हिमांशु सिंह के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। नेताओं ने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस दौरान पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अपराधियों ने दो युवकों पर चापड़ से हमला किया।
उन्होंने दावा किया कि जान बचाने के लिए पीड़ित पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी तक पहुंच गए थे, लेकिन इसके बावजूद हमलावरों ने उन्हें बाहर खींचकर हमला किया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
भाजपा नेताओं ने मांग की कि घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए। पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी और पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने आरोप लगाया कि सरकार मामले की लीपापोती करने और जांच को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।
न्याय नहीं मिला तो राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी
भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी पहले ही इस घटना के विरोध में जमशेदपुर बंद का आयोजन कर चुकी है। यदि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो भाजपा पूरे झारखंड में व्यापक आंदोलन और बंद का आह्वान करेगी। साथ ही, इस मामले को लेकर भाजपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर हस्तक्षेप की मांग करेगा।