झारखंड को रेलवे की बड़ी सौगात, 3,907 करोड़ की रेल परियोजनाओं को मिली मंजूरी : संजय सेठ

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झारखंड को रेलवे की बड़ी सौगात, 3,907 करोड़ की रेल परियोजनाओं को मिली मंजूरी : संजय सेठ

रांची, 15 जुलाई : रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा झारखंड और ओडिशा से जुड़ी लगभग ₹3,907 करोड़ की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने इसे झारखंड के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेल तेजी से आधुनिक और विश्वस्तरीय नेटवर्क की ओर बढ़ रही है। स्वीकृत परियोजनाओं के तहत पारादीप–हरिदासपुर रेल लाइन का दोहरीकरण तथा राजखरसावां–डांगोआपोसी रेलखंड पर चौथी रेल लाइन का निर्माण किया जाएगा। इससे रेल परिचालन सुगम होगा, माल ढुलाई क्षमता बढ़ेगी और औद्योगिक व खनिज क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से झारखंड और ओडिशा के 1,526 गांवों की 14 लाख से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

संजय सेठ ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड में रेलवे के विकास को प्राथमिकता दे रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का आधुनिकीकरण, नई ट्रेनों का परिचालन, यात्री सुविधाओं का विस्तार और रेलवे आधारभूत संरचना को मजबूत करने का कार्य लगातार जारी है।

उन्होंने झारखंड की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय राज्य के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Share This Article