दिल्ली में आजसू नेता हरे लाल महतो ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ से की शिष्टाचार मुलाकात, ईचागढ़ के मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दिल्ली में आजसू नेता हरे लाल महतो ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ से की शिष्टाचार मुलाकात, ईचागढ़ के मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा

रांची, 07 फरवरी : आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं 2024 में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी रहे हरे लाल महतो ने दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ से सपरिवार शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें पारिवारिक, सामाजिक तथा राजनीतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुलाकात के दौरान हरे लाल महतो ने विशेष रूप से ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनसरोकार के मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने क्षेत्र में आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, सड़क एवं पेयजल व्यवस्था में सुधार, युवाओं के लिए रोजगार सृजन के अवसर, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे विषयों पर ध्यान आकृष्ट कराया। महतो ने आग्रह किया कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ क्षेत्र की जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचे, इसके लिए आवश्यक पहल की जाए।

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि समाजहित एवं क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त सुझाव विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ईचागढ़ सहित पूरे क्षेत्र के विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।

हरे लाल महतो ने मुलाकात के बाद कहा कि यह भेंट अत्यंत सार्थक रही और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक संवाद हुआ। उन्होंने विश्वास जताया कि मंत्री संजय सेठ के सहयोग से ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर पारिवारिक आत्मीयता के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को लेकर गंभीर विमर्श हुआ, जो आने वाले समय में ठोस परिणामों में परिवर्तित होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article