चांडिल–कांड्रा मार्ग बंद फिर भी दौड़ रहे भारी वाहन, प्रशासनिक आदेशों की उड़ रही धज्जियां

चांडिल, 28 दिसंबर : चांडिल–कांड्रा मुख्य सड़क पर निर्माण एवं तकनीकी कारणों से अगले आदेश तक वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस संबंध में प्रशासन की ओर से स्थल पर आवश्यक सूचना बोर्ड भी लगाया गया है, जिसमें स्पष्ट रूप से मार्ग बंद रहने की जानकारी दी गई है।
प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग चांडिल–चौका–कांड्रा का उपयोग करने की अपील की है तथा विशेष रूप से भारी एवं बड़े वाहनों को इस मार्ग से आवागमन नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
इसके बावजूद चांडिल–कांड्रा मार्ग पर भारी वाहनों का अवैध परिचालन धड़ल्ले से जारी है, जिससे प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम अवहेलना हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क की स्थिति और भी जर्जर होती जा रही है। उड़ती धूल और खस्ताहाल सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है, जिससे आम ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य भी नियमों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। संवेदक द्वारा न तो सड़क पर बने गड्ढों को भरकर समतल किया गया है और न ही धूल नियंत्रण के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्ग पर प्रभावी बैरिकेडिंग कराई जाए, भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्त रोक लगाई जाए तथा सड़क निर्माण कार्य की नियमित निगरानी कर गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।



