रक्षाबंधन पर डाक विभाग की खास पहल, टाटानगर आरएमएस में 10 रुपये में मिलेंगे आकर्षक ‘राखी लिफाफे’ – 24×7 बुकिंग रहेगी सुविधा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रक्षाबंधन पर डाक विभाग की खास पहल, टाटानगर आरएमएस में 10 रुपये में मिलेंगे आकर्षक ‘राखी लिफाफे’ – 24×7 बुकिंग रहेगी सुविधा

जमशेदपुर, 25 जुलाई : रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर भारतीय डाक (डाक विभाग) ने दूर-दराज बैठे भाई-बहनों के पवित्र रिश्ते और स्नेह को समय पर पहुंचाने के लिए विशेष तैयारी की है। जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्र के निवासियों के लिए टाटानगर आरएमएस (रेल डाक सेवा) में मात्र 10 रुपये की दर पर वॉटरप्रूफ व आकर्षक विशेष ‘राखी लिफाफे’ उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इन विशेष लिफाफों की बनावट इस तरह की गई है कि बारिश के मौसम में भी आपकी राखी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी तथा सहेज कर देश के किसी भी कोने तक समय पर पहुंच सके।

रात हो या दिन, कभी भी भेजें अपनी राखी

डाक विभाग ने रक्षाबंधन को देखते हुए 24×7 बुकिंग सेवा शुरू की है। लोगों को
अंतिम समय की भागमभाग से बचाने और कामकाजी लोगों की सहूलियत के लिए टाटानगर आरएमएस में 24 घंटे (Round-the-Clock) बुकिंग सुविधा निर्बाध रूप से चालू है। उपभोक्ता दिन हो या रात, किसी भी समय स्पीड पोस्ट (Speed Post) और पार्सल की बुकिंग करा सकते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि यह सेवा रविवार और त्योहारों/छुट्टियों के दिन भी बिना रुके पूरी तरह उपलब्ध रहेगी।

रेल डाक सेवा, टाटानगर के डाक निरीक्षक सुमित रंजन ने कहा कि बहन का प्यार और भाई का दुलार समय पर पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने जमशेदपुर और आसपास के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि टाटानगर आरएमएस की इन विशेष सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Share This Article