शौचालय के नीचे चल रही थी ‘मिनी फैक्ट्री’: रांची में 19 देसी हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार

रांची, 07 फ़रवरी : राजधानी में अवैध हथियारों के गुप्त कारोबार का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने अनगड़ा थाना क्षेत्र के सीताडीह गांव में एक ऐसे घर पर छापा मारा, जहां शौचालय के नीचे हथियारों का जखीरा छिपाकर रखा गया था। कार्रवाई में 19 देसी अवैध हथियार, अर्द्धनिर्मित हथियार और निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।
एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित की गई थी। सूचना थी कि सीताडीह में एक व्यक्ति घर को ही अवैध हथियार निर्माण केंद्र बनाकर धंधा चला रहा है। टीम ने रणनीतिक तरीके से छापेमारी की और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को घर के अलग-अलग हिस्सों से हथियार और निर्माण सामग्री मिली। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि तैयार और अर्द्धनिर्मित हथियारों को घर के पीछे स्थित शौचालय के नीचे छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को शक न हो।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नारायण लोहरा के रूप में हुई है, जो अनगड़ा थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह हथियार किसे और किन नेटवर्क के माध्यम से बेचता था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से राजधानी में अवैध हथियार सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है। मामले की जांच जारी है और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।



