छऊ-झूमर उत्सव का हुआ भव्य समापन, कलाकारों की प्रस्तुति ने बांधा समां
ईचागढ़ , 29 मई : संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से मानभूम सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय छऊ-झूमर उत्सव का शुक्रवार को भव्य समापन हो गया। समापन समारोह में क्षेत्र की लोक कला, संस्कृति एवं परंपरा की शानदार झलक देखने को मिली। विभिन्न कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
समापन समारोह में पूर्वी सिंहभूम के जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, ईचागढ़ पश्चिम की जिला परिषद सदस्य सुभाषिनी देवी, ईचागढ़ के उप प्रमुख दीपक कुमार साव, सोडो पंचायत के मुखिया नयन सिंह मुंडा, रांची के वरिष्ठ नागपुरी लोक कलाकार सुनील कुमार समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत भवतारण महतो एवं उनके साथियों द्वारा प्रस्तुत दरबारी झूमर से हुई। इसके बाद गूंजे झारखंड कला केंद्र, रांची के कलाकारों ने नागपुरी झूमर की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं सरायकेला-खरसावां के चोगा निवासी सुचांद महतो एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत मानभूम छऊ नृत्य ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में पश्चिम बंगाल के कोठशिला की ममता महतो एवं उनके दल ने कुड़माली झूमर की शानदार प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन क्षेत्र की लोक कला एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।