हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए रेलवे लाइन पर फेंका था शव, हथौड़े, मोबाइल, बाइक और पत्थर बरामद
आदित्यपुर, 09 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के कृष्णापुर निवासी अमित सरदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने प्रेसवार्ता कर हत्याकांड की जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 25 जुलाई को अमित सरदार की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसके शव को रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दिकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू, सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा, स्वरूप सोरेन उर्फ कतुरु और मिलन सिंह को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो लोहे के हथौड़े, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा मृतक की शर्ट में लपेटा हुआ पत्थर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान को मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार चारों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस अब हत्याकांड में आरोपियों की भूमिका और घटना के पीछे के कारणों को लेकर आगे की जांच कर रही है।



