गम्हरिया में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, 30 लाख से अधिक के जेवरात और नकदी पार

Manbhum Updates
3 Min Read

बर्थडे पार्टी में गया था परिवार, बारिश के कारण रात में नहीं लौट सका – सुबह घर पहुंचे तो टूटा मिला ताला और बिखरा पड़ा था सामान

गम्हरिया, 09 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बलरामपुर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के दो कमरों में रखे बक्से और अटैचियां तोड़कर करीब 30 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण और 28 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, बलरामपुर निवासी आशुतोष कुमार का परिवार मंगलवार शाम एक रिश्तेदार के यहां आयोजित बर्थडे पार्टी में शामिल होने गया था। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके कारण परिवार रात में वापस अपने घर नहीं लौट सका। बुधवार सुबह जब परिवार घर पहुंचा तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और बक्से व अटैचियां टूटी हुई थीं।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर दोनों भाइयों के घर में रखे सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर गए। आभूषणों के खाली डिब्बे घर में बिखरे मिले, जबकि करीब 28 हजार रुपये नकद भी गायब हैं। परिजनों ने आभूषणों की कुल कीमत 30 लाख रुपये से अधिक बताई है।

सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध गतिविधि

परिजनों के अनुसार, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में चोरी का समय शाम करीब 8:30 बजे से 9:20 बजे के बीच का सामने आ रहा है। हालांकि, चोरों की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

आशुतोष कुमार ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं है। परिवार वर्ष 2011 से बलरामपुर में रह रहा है और इससे पहले इस तरह की घटना उनके घर में नहीं हुई थी। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दिन पूर्व उनकी मां का एक्सीडेंट हुआ था, जिसके कारण वह उन्हें लेकर सरायकेला में रह रहे थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

चोरी की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दो बार मौके पर पहुंचकर जांच की है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

Share This Article