

चांडिल, 16 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद अंतर्गत हंसाडूंगरी स्थित मालाबार ग्रुप हंगर फ्री वर्ल्ड माइक्रो लर्निंग सेंटर में 79वें स्वतंत्रता दिवस के वर्षगांठ के अवसर पर देशभक्ति और उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद पूजा कुमारी महतो एवं वार्ड पार्षद अंजना सिंह ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद बच्चों एवं उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
ध्वजारोहण के बाद पूरा परिसर “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों के बीच मिठाइयों का वितरण भी किया गया। वहीं, बच्चों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
माइक्रो लर्निंग सेंटर की शिक्षिका सीमा कुमारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर करीब एक सप्ताह पहले से तैयारियां की जा रही थीं। उन्होंने कहा कि सेंटर में आने वाले बच्चों को संस्था की ओर से कॉपी-किताब, स्कूल यूनिफॉर्म और भोजन नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ देशभक्ति, संस्कार और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का भी प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीतों और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के महत्व को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर वार्ड नंबर 19 के पार्षद हिमांशु शेखर हेम्ब्रम, चांडिल पूर्वी मंडल अध्यक्ष राहुल मंडल, चांडिल मध्य मंडल प्रभारी महेश कर्मकार, मंडल उपाध्यक्ष विष्णु सिंह, पूर्व मंडल महामंत्री वृंदावन कुंभकार, युवा मोर्चा पूर्व मंडल उपाध्यक्ष विजय मंडल, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्रवण सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।


























