अनियंत्रित टेम्पू पलटने से एक महिला की मौत, दस घायल

ईचागढ़, 18 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पिलीद गांव निवासी 21 वर्षीय संतोषी मछुआ की मंगलवार सुबह टेम्पू पलटने से मौत हो गई। घटना सोनाहातु थाना क्षेत्र के तिलाईपीढ़ी मोड़ के पास हुई, जहां धान काटने के लिए बारेंदा गांव जाने के क्रम में 11 महिलाएँ सवार टेम्पू अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में सभी महिलाएँ घायल हुईं। पांच को एंबुलेंस से मूरी स्थित निजी नर्सिंग होम भेजा गया, जबकि छह घायलों का उपचार मिलन चौक के निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। लखीमनी देवी (61) और सरिता महतो (18) के पैर में गंभीर चोट है, जबकि सोमबारी देवी, पार्वती देवी, आसंती देवी और कमला स्वांसी भी गंभीर रूप से घायल हैं। बाकी घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
समाजसेवी दिलीप कुमार दास ने बताया कि सभी महिलाएँ पिलीद गांव की रहने वाली थीं। उन्होंने मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।



