कुख्यात ‘चटनी डॉन’ गिरफ्तार, जानलेवा हमले के आरोप में भेजी गई जेल

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कुख्यात ‘चटनी डॉन’ गिरफ्तार, जानलेवा हमले के आरोप में भेजी गई जेल

जमशेदपुर, 17 जून : सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित ग्वाला बस्ती में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई आदर्श नगर निवासी पूजा देवी की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 15 जून को उनके पति ओम प्रकाश सिंह घर के समीप बैठे हुए थे। इसी दौरान सड़क किनारे एक बच्चा खेल रहा था, तभी एक स्विफ्ट कार तेज गति से वहां से गुजरी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि बच्चा दुर्घटना का शिकार होते-होते बच गया।

इस पर ओम प्रकाश सिंह ने कार चालक पवन यादव को रोककर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते हाथापाई की स्थिति बन गई। आरोप है कि कार में सवार प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन ने अपने सहयोगियों को फोन कर मौके पर बुला लिया।

कुछ ही देर में हथियारों से लैस कई लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और ओम प्रकाश सिंह, उनकी पत्नी पूजा देवी तथा बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बन गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। जांच और छापेमारी के बाद पुलिस ने प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, हमला, छिनतई, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत 15 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, उसके गिरोह पर व्यवसायियों से रंगदारी मांगने के भी आरोप लगते रहे हैं। हालांकि भय के कारण अधिकांश लोग शिकायत दर्ज कराने से बचते रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है वहीं, इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

Share This Article