प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हुआ गैलेक्सी कंपनी गेट जाम, ग्रामीणों को मिला सुरक्षा का भरोसा
चांडिल, 17 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयांडीह स्थित गैलेक्सी एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड में मंगलवार को हुए फर्नेस ब्लास्ट के बाद ग्रामीणों में व्याप्त दहशत और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को लेकर बुधवार को कंपनी गेट के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग को लेकर कंपनी के मुख्य प्रवेश द्वार को जाम कर दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी तालेश्वर रुहिदास तथा थाना प्रभारी संतन तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कंपनी परिसर का निरीक्षण कर फर्नेस ब्लास्ट के कारणों की प्रारंभिक जानकारी ली तथा सुरक्षा उपकरणों एवं अन्य मशीनों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आशंकाओं को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने कंपनी से सटे आवासीय क्षेत्रों का भी दौरा किया और स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने घनी आबादी के बीच संचालित उद्योग से भविष्य में होने वाली संभावित दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सुरक्षा के ठोस उपाय सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
निरीक्षण और वार्ता के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग देने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया तथा कंपनी गेट के समक्ष लगाया गया जाम हटा लिया। इसके बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनकी सुरक्षा संबंधी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर वे पुनः आंदोलन करने को बाध्य होंगे।