चांडिल : युवक की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

चांडिल, 17 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत काठजोड़ गांव के ग्वालापाड़ा निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान छुटु लोहार के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम युवक का शव उसके घर से कुछ दूरी पर स्थित खोकरोडीह के एक सुनसान स्थान पर पाया गया। देर रात मृतक के परिजनों को स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि उक्त स्थान पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी चांडिल थाना पुलिस को दी।

सूचना के बाद चांडिल पुलिस रात में ही घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया।

मृतक के परिजनों ने युवक की मौत को लेकर संदेह व्यक्त किया है तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

Share This Article