जलवायु परिवर्तन व पर्यावरण संकट पर जागरूकता के लिए दो दिवसीय अभियान 29 मार्च से

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जादूगोड़ा, 26 मार्च : जलवायु परिवर्तन और बढ़ते पर्यावरण संकट से ग्रामीणों को उबारने के उद्देश्य से पर्यावरण चेतना केंद्र, बड़ा सिकदी की ओर से दो दिवसीय जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 29 मार्च को सहारजुड़ी गांव से मोटरसाइकिल व साइकिल रैली के साथ होगी।

संस्थान के निदेशक सिदेश्वर सरदार ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि यह रैली सुबह 9 बजे सहारजुड़ी से निकलेगी और दो दिनों में छह पंचायतों के कुल 42 गांवों से होकर गुजरेगी। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और उससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस अभियान में ग्राम प्रधान, वन सुरक्षा समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भाग लेंगे। रैली के दौरान लोगों को पेड़-पौधों के संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इन गांवों से गुजरेगी रैली

पहले दिन 29 मार्च को रैली सहारजुड़ी से निकलकर बूटगोंडा, हेसलघुटू, पावड़ाकोचा, बलियागोंडा, मोहनाडीह, सालगाड़ीह, चंदनपुर सहित अन्य गांवों से होकर गुजरेगी। वहीं दूसरे दिन 30 मार्च को डोकारसाई, गीतिलडीह, हितबासा, नूतन, चारडीहा, सोनागाड़ा, टागरसाईं आदि गांवों से गुजरते हुए रैली का समापन शाम 5 बजे पोटका में किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना और सामूहिक प्रयास से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाने के लिए प्रेरित करना है।

Share This Article