आरएसएस कार्यालय पर हमला निंदनीय, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : डॉ. जटाशंकर पाण्डेय

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आरएसएस कार्यालय पर हमला निंदनीय, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : डॉ. जटाशंकर पाण्डेय

आदित्यपुर, 17 जून : भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. जटाशंकर पाण्डेय ने रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना को कायरतापूर्ण, दुर्भाग्यपूर्ण और अत्यंत निंदनीय बताते हुए राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया है।

बुधवार को जारी एक बयान में डॉ. पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ वर्षों से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। ऐसी संस्था के कार्यालय पर हिंसक हमला किसी भी दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता और दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

उन्होंने झारखंड सरकार से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि हमले में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि राज्य की राजधानी रांची में ही सामाजिक एवं राष्ट्रीय संस्थाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

डॉ. पाण्डेय ने कहा कि राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों का प्रशासन पर भरोसा कायम रहे।

Share This Article