चौका के सुदूरवर्ती मुटुदा में अफीम की अवैध खेती की हुई जांच, ड्रोन से हुआ सत्यापन

चांडिल, 20 दिसंबर : पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदूरवर्ती गांव मुटुदा में अफीम की अवैध खेती की आशंका को लेकर पुलिस एवं एसएसबी मातकमडीह की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान खेतों का भौतिक निरीक्षण करने के साथ-साथ ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी सत्यापन किया गया।
जांच के क्रम में गांव के कुछ खेतों में सरसों, मटर, आलू एवं चना की वैध खेती पाई गई, जबकि अधिकांश भूमि परती अवस्था में मिली। सत्यापन के दौरान अफीम की अवैध खेती का कोई प्रमाण नहीं मिला, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। अभियान के साथ ही चौका पुलिस द्वारा गांव में अफीम की अवैध खेती एवं उसके विक्रय के विरुद्ध जागरूकता अभियान भी चलाया गया। थाना प्रभारी सोनू कुमार ने ग्रामीणों को अफीम के दुष्प्रभावों तथा इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी और स्पष्ट किया कि अफीम की खेती करना दंडनीय अपराध है। पुलिस ने ग्रामीणों को अफीम के स्थान पर वैकल्पिक एवं लाभकारी खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर किसानों के बीच चना, मटर एवं सरसों के बीज का वितरण भी किया गया। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि वैध कृषि को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



