दुर्गा पूजा के मद्देनजर शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया गया मॉक ड्रिल एवं फ्लैग मार्च

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दुर्गा पूजा के मद्देनजर शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया गया मॉक ड्रिल एवं फ्लैग मार्च

खूंटी, 28 सितंबर : दुर्गा पूजा के अवसर पर खूंटी जिले में शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त आर. रॉनिटा एवं पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में रविवार को खूंटी जिला की पुलिस ने कचहरी मैदान में मॉक ड्रिल किया एवं शहर के मुख्य मार्गों पर फ्लैग मार्च किया।

मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु पुलिस बलों की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, अग्निशमन तथा बचाव कार्यों का सघन अभ्यास किया गया।

मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक समेत अन्य पदाधिकारी द्वारा त्योहार के दौरान प्रतिनियुक्त पुलिस बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उनकी तत्परता का परीक्षण किया गया। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी अनुराधा कुमारी, अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी मनोज कुमार समेत अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस के जवानों संग शहर के मुख्य मार्गों पर फ्लैग मार्च किया गया।

उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी प्रेम, भाईचारा एवं सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाएं।

Share This Article