ईचागढ़, 10 जून : उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने बुधवार को ईचागढ़ प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय संचालन व्यवस्था, कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेखों के संधारण तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने निर्वाचन, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन एवं जेएसएलपीएस सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का पारदर्शी, जवाबदेह एवं समयबद्ध तरीके से निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही कार्यालय आने वाले आम लोगों के साथ सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार करने पर विशेष बल दिया, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी योग्य व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सर्वेक्षण एवं जनगणना कार्यों से जुड़े कर्मियों को भी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा कार्यालयों में अभिलेखों एवं पंजीयों के सुव्यवस्थित संधारण, अद्यतन रख-रखाव तथा नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
निर्माणाधीन सीएचसी भवन का भी लिया जायजा
प्रखंड परिसर स्थित निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसी को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन और तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
उन्होंने नियमित निगरानी बनाए रखने, कार्य में अपेक्षित गति लाने और किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही से बचने के निर्देश भी दिए। स्वच्छता और जनसुनवाई पर विशेष जोर उपायुक्त ने कार्यालय परिसर और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण में सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी प्रगति की समीक्षा करें तथा जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही समयबद्ध सेवा प्रदायगी, प्रभावी जनसुनवाई और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के माध्यम से जिले के विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा एवं अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।