झारखंड आरटीआई पोर्टल से 6 जिले गायब, नागरिकों ने उठाए पारदर्शिता पर सवाल

मानभूम अपडेट्स, डेस्क,22 अगस्त : झारखंड सरकार का आरटीआई पोर्टल rti.jharkhand.gov.in पारदर्शिता और सूचना के अधिकार को सुलभ बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। लेकिन अब इस पोर्टल पर गंभीर तकनीकी त्रुटि सामने आई है। राज्य के छह जिले – सरायकेला-खरसावां, जामताड़ा, खूंटी, लातेहार, रामगढ़ और सिमडेगा – पोर्टल की सूची से पूरी तरह गायब हैं।
इस खामी ने न केवल पोर्टल की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं बल्कि आम नागरिकों की सूचना तक पहुंच को भी बाधित कर दिया है। आरटीआई कानून के तहत लोगों को अपने जिले से संबंधित विभागों में आवेदन करने का अधिकार है, लेकिन इन जिलों के नहीं होने से नागरिकों के लिए यह प्रक्रिया अधूरी साबित हो रही है।
लंबे समय से तकनीकी खामी
सूत्रों के अनुसार, यह गड़बड़ी काफी समय से बनी हुई है, बावजूद इसके अभी तक तकनीकी विभाग द्वारा कोई सुधार नहीं किया गया है। इस मुद्दे को लेकर नागरिकों और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर नाराज़गी स्पष्ट रूप से देखी जा रही है।
लोगों का कहना है कि इतनी महत्वपूर्ण व्यवस्था में इस तरह की चूक अस्वीकार्य है। नागरिकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड सीएमओ से तत्काल संज्ञान लेने और पोर्टल की तकनीकी खामियों को दुरुस्त करने की मांग की है।
आदित्यपुर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर कुमार अभिषेक का कहना है कि, “यह तकनीकी लापरवाही सूचना के अधिकार जैसे संवेदनशील कानून की मूल भावना को ठेस पहुँचाती है। सरकार को तुरंत इस त्रुटि को ठीक करना चाहिए।”


