एक पेड़ माँ के नाम : किसानों के लिए भविष्य की कमाई – रुदिया पंचायत में 200 किसानों को बांटे गए 2 हजार फलदार पौधे

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

एक पेड़ माँ के नाम : किसानों के लिए भविष्य की कमाई – रुदिया पंचायत में 200 किसानों को बांटे गए 2 हजार फलदार पौधे

चांडिल, 11 अगस्त : मां के प्रति सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को किसानों की आजीविका से जोड़ते हुए चांडिल प्रखंड के रुदिया पंचायत में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया गया। पंचायत भवन परिसर में GRSE कोलकाता एवं TRCSC जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में करीब 200 किसानों के बीच लगभग 2,000 फलदार पौधों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में किसानों को सिर्फ पौधे ही नहीं दिए गए, बल्कि उन्हें इन पौधों को आने वाले वर्षों में फलदार वृक्ष के रूप में विकसित करने और इससे अतिरिक्त आय का साधन तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। किसानों को आम, अमरूद, नींबू सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे उपलब्ध कराए गए। प्रत्येक किसान को लगभग 10 पौधे दिए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के वरिष्ठ सदस्य सुरेश प्रसाद साहू के स्वागत भाषण से हुआ। संस्था के सचिव मानस कुमार दास ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य तैयार करने का संकल्प भी है।

उन्होंने कहा कि पेड़ मनुष्य को फल, छाया और ऑक्सीजन देने के साथ जलवायु संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए पौधे लगाने के बाद उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है।

GRSE कोलकाता के प्रतिनिधि ने किसानों को पौधों के संरक्षण, उचित दूरी पर रोपण, सिंचाई और सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुरुआती वर्षों में पौधों की सही देखभाल की जाए तो आगे चलकर यही पौधे किसानों के लिए फल और अतिरिक्त आमदनी का जरिया बन सकते हैं।

रुदिया पंचायत की मुखिया सुबोधिनी महली ने अभियान की सराहना करते हुए किसानों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संस्थाओं की ओर से किसानों को फलदार पौधे उपलब्ध कराना पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों के हित में भी महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में उपमुखिया करमू सिंह सरदार, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, संस्था के जगबंधु महतो, दीनबंधु महतो, आभूषण महतो, अधिवक्ता सिंह मुंडा, सुमोजित समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share This Article