
सरायकेला : बार-बार मोटर जलने और पेयजल संकट पर नगर अध्यक्ष सख्त, WTP में लगेंगी दो 90 HP मोटर
सरायकेला, 11 अगस्त : नगर क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बिजली एवं पेयजल विभाग के अभियंताओं के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में WTP में बार-बार मोटर जलने, विद्युत आपूर्ति बाधित होने और प्रभावित क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
अध्यक्ष ने WTP में लगातार मोटर खराब होने पर नाराजगी जताते हुए इसके मूल तकनीकी कारणों का स्थायी समाधान करने का निर्देश दिया। अभियंताओं के सुझाव के आधार पर WTP में दो 90 HP क्षमता की मोटर और आधुनिक हाईटेक इलेक्ट्रिकल पैनल लगाने की दिशा में कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
वहीं, जिन इलाकों में पर्याप्त पेयजल नहीं पहुंच रहा है, वहां राइजिंग पाइप के माध्यम से जलापूर्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया। WTP और ESR की नियमित मॉनिटरिंग, रखरखाव और आवश्यक मरम्मत पर भी जोर दिया गया।
बिजली कटने की स्थिति में जलापूर्ति बाधित न हो, इसके लिए DMFT फंड से 320 KVA जेनरेटर लगाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया। साथ ही WTP को पर्याप्त और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विद्युत विभाग को आवश्यक तकनीकी कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का अस्थायी पैचवर्क नहीं, बल्कि स्थायी समाधान लक्ष्य है। इसके लिए बिजली और पेयजल विभाग के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।



