
पेड़ से लटका मिला सड़ा-गला शव, इलाके में सनसनी – बोकारो का परमेश्वर डे निकला मृतक
नीमडीह, 10 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झिमड़ी स्थित सांखा नदी अंडरपास के सामने झाड़ी में पेड़ से लटका सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार को स्थानीय लोगों की सूचना पर नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। काफी सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण प्रारंभ में शव की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में पुलिस जांच और परिजनों की जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान परमेश्वर डे (43 वर्ष) के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार रविवार को झाड़ी की ओर से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। कुछ लोग झाड़ी के अंदर गए तो वहां एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। इसके बाद तत्काल नीमडीह थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया।
बताया गया कि पुलिस ने रविवार रात करीब 10 बजे शव को नीमडीह थाना परिसर में रखा था। शव काफी सड़-गल चुका था, जिसके चलते तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी। जांच के दौरान मृतक की पहचान बोकारो जिले के चंदनकियारी निवासी तारापदो डे के पुत्र परमेश्वर डे के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार परमेश्वर डे मजदूरी का काम करता था। वह काम की तलाश में बंगलौर गया था, लेकिन वहां काम नहीं मिलने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान वह लापता हो गया था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से वह मानसिक रूप से परेशान भी चल रहा था।
आत्महत्या या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस
पेड़ से शव लटका मिलने के कारण प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
नीमडीह थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों और मृतक के लापता होने से जुड़े पहलुओं की जांच में जुटी है।



