नीमडीह : भोपाल और मथुरा में सम्मानित हुए गुरुचरण महतो
नीमडीह, 16 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना अंतर्गत पारगामा गांव के युवा कवि एवं लेखक गुरुचरण महतो ने हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी साहित्यिक प्रतिभा का परिचय दिया। उन्हें मथुरा और भोपाल, दोनों स्थानों पर सम्मानित किया गया।
14 सितंबर को राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर मथुरा स्थित बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित संस्कार महाकुंभ 2025 के दौरान गुरुचरण महतो को आदर्श युवा नायक सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवा नियोजन राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नूकोरी के हाथों प्रदान किया गया।
इसके अगले ही दिन, 15 सितंबर को वे भोपाल में साहित्य अकादमी परिषद् द्वारा आयोजित मध्यप्रदेश साहित्योत्सव के युवा रचनाधर्मी कुंभ में शामिल हुए। इस दौरान उन्हें रवींद्र समागम केंद्र में कवितापाठ करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और साहित्य अकादमी परिषद् के निदेशक डॉ. विकास दवे भी उपस्थित थे।
गुरुचरण महतो ने इसे अपने जीवन का विशेष गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि “देशभर से आए सैकड़ों दिग्गज कवियों, लेखकों, कलाकारों, शिक्षाविदों और साहित्यप्रेमियों के बीच अपने लेखन को प्रस्तुत करना मेरे लिए अविस्मरणीय अनुभव है।”
राष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिल रही पहचान ने पारगामा गांव के इस युवा कवि-लेखक को क्षेत्र का गौरव बना दिया है।