तंबाकू निषेध अभियान को मिली रफ्तार, उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 1 जून : जिले में तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित यह जागरूकता रथ आगामी एक माह तक जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेगा।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है। इसके कारण कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों समेत कई गंभीर और जानलेवा रोग उत्पन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

उपायुक्त ने बताया कि अगले एक माह तक जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद, प्रचार-प्रसार गतिविधियां तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा कि तंबाकू सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।

उन्होंने जिलेवासियों से तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहने, तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। साथ ही युवाओं और बच्चों को तंबाकू की लत से बचाने तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के पदाधिकारी एवं कर्मी, एनडीसी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Share This Article